पत्रकारिता दिवस पर पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, पत्रकारों ने एकजुटता का दिया संदेश

रामनगर (बाराबंकी) संदेश महल। पत्रकारिता दिवस के अवसर पर तहसील रामनगर क्षेत्र के महादेवा में प्रोफेसर एवं काउंसलर संजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लेकर पत्रकारिता की गरिमा, चुनौतियों और संगठनात्मक एकता पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अंजनी अवस्थी ने किया। पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस समारोह में वक्ताओं ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
दैनिक भास्कर के पत्रकार के.के. शुक्ल ने कहा कि पत्रकारों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के लिए स्थायी कार्यालय की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि नगर पंचायत रामनगर के चेयरमैन द्वारा कार्यालय उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही पत्रकार संघ के पंजीकरण की आवश्यकता भी बताई।
कार्यक्रम के आयोजक संजय कुमार तिवारी ने पत्रकार संघ के विधिवत पंजीकरण पर जोर देते हुए सभी पत्रकारों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त संगठन का होना आवश्यक है।
वरिष्ठ पत्रकार चंद्र प्रकाश चौरसिया ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता और साहस के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं संत कुमार उपाध्याय, रामकुमार मौर्य, रामशंकर वर्मा, ललित पांडेय, निरंकार त्रिवेदी, अशोक सिंह, ज्ञानेंद्र वर्मा, विवेक शुक्ल, विशाल अवस्थी, एस.पी. शुक्ल, रवि चौहान और वीरेंद्र तिवारी ने भी पत्रकारिता की चुनौतियों, निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और पत्रकार एकता पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। बदलते समय के साथ पत्रकारों को नई तकनीकों को अपनाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी पत्रकारों ने एकजुट रहकर समाज, लोकतंत्र और पत्रकारिता के मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और पत्रकारों के बीच संगठनात्मक एकता को लेकर सकारात्मक चर्चा देखने को मिली।