नहर विभाग के इंजीनियर कुलदीप वर्मा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

सूरतगंज (बाराबंकी)। कोतवाली रामनगर क्षेत्र के विकासखंड सूरतगंज अंतर्गत झबरा मजरे मीरपुर निवासी नहर विभाग के इंजीनियर कुलदीप वर्मा का सोमवार को लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप वर्मा (36) पुत्र सियाराम वर्मा पिछले कुछ समय से लीवर संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें चार दिन पूर्व लखनऊ के इंदिरानगर स्थित आशीर्वाद अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान सोमवार को उनका निधन हो गया।
कुलदीप वर्मा वर्तमान में नहर विभाग बिसवां में बतौर इंजीनियर तैनात थे। वे प्रारंभ से ही मेधावी छात्र रहे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सब इंस्पेक्टर के रूप में की थी और लगभग तीन वर्षों तक सेवा देने के बाद इंजीनियरिंग क्षेत्र में कदम रखा। करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने नहर विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थीं।
मिलनसार एवं सामाजिक स्वभाव के धनी कुलदीप वर्मा क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहते थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को भी गहरा आघात पहुंचा है।
अपने पीछे वह माता-पिता, पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। सोमवार शाम उनके पैतृक गांव में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उनके निधन पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल, नंदऊपारा ग्राम प्रशासक प्रतिनिधि अभिषेक सिंह, आशीष मिश्रा एवं विवेक सिंह बागी सहित अनेक लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।