सूरतगंज (बाराबंकी) संदेश महल समाचार
क्षेत्र के बाबापुरवा स्थित श्री बांके बिहारी रिकॉर्डिंग स्टूडियो का भव्य शुभारंभ पूर्व एमएलसी एवं वरिष्ठ समाजसेवी हरिगोविंद सिंह ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, कलाकार, समाजसेवी एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके उपरांत हरिगोविंद सिंह ने फीता काटकर स्टूडियो का औपचारिक उद्घाटन किया और इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान ग्रामीण एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने के साथ-साथ लोक कला, संगीत और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्टूडियो के संचालक एवं लोकगायक बिसनू यदुवंशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह रिकॉर्डिंग स्टूडियो क्षेत्र के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में टीम लीडर राज तिवारी, समाजसेवी शेष कुमार सिंह, दीपक मिश्रा, अरविंद यादव, सूरज शुक्ला, अंकित शांवारिया, रितेश मृदुल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने स्टूडियो की सफलता और क्षेत्रीय कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने इसे क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास तथा स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।