भटाना में चोरी की कोशिश नाकाम, पुलिस गश्त और CCTV से भागे संदिग्ध

भटाना (सिरोही) राजस्थान संदेश महल

रेवदर उपखंड क्षेत्र के भटाना कस्बे में सोमवार देर रात एक संभावित चोरी की वारदात पुलिस की सक्रियता और CCTV कैमरों की मौजूदगी के चलते टल गई। घटना भटाना बस स्टैंड (भूत बंगला) स्थित एक ई-मित्र केंद्र के बाहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 2:15 बजे कुछ संदिग्ध व्यक्ति हाथों में धारदार हथियार लेकर क्षेत्र में पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि उनका उद्देश्य चोरी की वारदात को अंजाम देना था। इसी दौरान उनकी नजर प्रतिष्ठान के बाहर लगे CCTV कैमरों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने अपना इरादा बदल दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार उसी समय भटाना पुलिस चौकी की रात्रिकालीन गश्ती टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनते ही संदिग्ध मौके से फरार हो गए। पुलिस की सतर्कता के कारण संभावित चोरी या अन्य अप्रिय घटना होने से बच गई।
मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त नहीं हुई थी।
स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और CCTV निगरानी को सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावी बताते हुए पुलिस की तत्परता की सराहना की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।