सूरतगंज (बाराबंकी) संदेश महल समाचार
पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत चल रहे सड़क मरम्मत कार्य में लगे एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी 30 वर्षीय रमेश चंद्र पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई है, जो पिछले चार माह से सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार बल्लोपुर से गोवा जाने वाले मार्ग पर सड़क लेपन कार्य में लगे रमेश चंद्र लंबे समय से अपने बकाया मजदूरी भुगतान की मांग कर रहे थे। साथी मजदूरों का कहना है कि वह घर लौटना चाहते थे, लेकिन भुगतान न मिलने के कारण मानसिक रूप से परेशान थे।
मजदूरों के मुताबिक सोमवार शाम रमेश ने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि पूरी रात उनकी हालत गंभीर बनी रही, लेकिन उन्हें समय रहते उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे साथी मजदूरों और ठेकेदार द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज ले जाया गया।
सीएचसी सूरतगंज में तैनात डॉ. रिजवान ने जांच के बाद रमेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार उनकी मृत्यु अस्पताल पहुंचने से कई घंटे पहले हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची सूरतगंज चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
उधर, मृतक के साथियों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते उचित उपचार उपलब्ध कराया जाता तो रमेश की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद मजदूरों में आक्रोश व्याप्त है और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।