संतकबीर नगर संदेश महल समाचार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभावी मध्यस्थता पहल ने एक बिखरते परिवार को फिर से जोड़ने में सफलता हासिल की है। लंबे समय से अलग रह रहे पति-पत्नी के बीच सुलह कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे उनके परिवार में खुशियां लौट आईं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह के निर्देशन एवं सचिव सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह सराहनीय प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी सुनील कुमार राव और संत कबीर नगर निवासी उनकी पत्नी रीमा देवी के बीच वैचारिक मतभेद एवं आपसी अविश्वास के कारण लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला बढ़ते-बढ़ते मध्यस्थता केंद्र तक पहुंच गया।
विवाद के निस्तारण के लिए अधिवक्ता मध्यस्थ नसरीन खान को नियुक्त किया गया। उन्होंने धैर्यपूर्वक दोनों पक्षों की बातें सुनीं और उन्हें पारिवारिक जीवन के महत्व तथा बच्चों के भविष्य के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराया। लगातार संवाद और सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप दोनों पक्ष अपने मतभेद भुलाकर एक बार फिर साथ रहने के लिए तैयार हो गए।
दोनों ने अपने दो नाबालिग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुनः एक साथ जीवन बिताने का संकल्प लिया। सुलह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब दंपति ने साथ रहने की सहमति जताई, तो वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
मध्यस्थ नसरीन खान ने दंपति को सुखद और सौहार्दपूर्ण वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित मध्यस्थता एवं सुलह-समझौता केंद्र में पारिवारिक, वैवाहिक एवं अन्य विवादों का समाधान आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से कराया जाता है, जिससे न्यायालयों पर भार कम होने के साथ-साथ रिश्तों को भी बचाने में मदद मिलती है।