पिसावा (सीतापुर)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुख रंजन समद्दर ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिसावा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत पल्स पोलियो अभियान के तहत बनाए गए पोलियो बूथ से की गई।
एएनएम ने सीएमओ को बताया कि निरीक्षण के समय तक सात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी थी। इस पर सीएमओ ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ ने डिलीवरी वार्ड, मातृत्व सुरक्षा कक्ष, इमरजेंसी, लेबर रूम, जेएसवाई कक्ष, कोल्ड चेन वार्ड, वार्ड, लिफ्ट एवं अस्पताल परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रसूता महिलाओं से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली।
प्रसूता सीमा ने बताया कि उन्हें सुबह दलिया और दूध उपलब्ध कराया गया था। निरीक्षण के दौरान सीएमओ जब अस्पताल के किचन पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्टाफ नर्स नीलम से प्रसव सेवाओं, मरीजों के भोजन तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उपस्थिति रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के अंत में डॉ. सुख रंजन समद्दर ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने तथा सभी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।