हीराराम सैन
रेवदर (सिरोही)। पंचायत समिति रेवदर की ग्राम पंचायत लूणोल के अंतर्गत करोटी कस्बे में रियायती दर पर आवंटित ग्राम पंचायत के एक भूखंड पर कथित रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रियायती दर पर आवंटित भूखंड पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर उससे किराया वसूला जा रहा है, जो पंचायत नियमों के विपरीत है।
आरोप है कि करोटी-निम्बोड़ा मार्ग के चौराहे पर गुलाब पुत्र छगनलाल माली को रियायती दर पर आवंटित भूखंड पर व्यावसायिक परिसर का निर्माण किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि रियायती अथवा निःशुल्क आवंटित भूखंड केवल आवासीय उपयोग के लिए होते हैं और इनका व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है।
पंचायत समिति रेवदर के विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी ने कहा कि यदि रियायती अथवा निःशुल्क भूखंड पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो यह नियमों के अनुरूप नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में यदि अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत लूणोल की प्रशासक मंशीदेवी ने बताया कि पंचायत द्वारा आवंटित रियायती या निःशुल्क भूखंडों पर व्यावसायिक निर्माण की अनुमति नहीं है। यदि ऐसे मामले सामने आते हैं तो पंचायत समिति के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई में पूरा सहयोग किया जाएगा।
समाजसेवी चंद्रवीर सिंह ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि रियायती भूखंड पर व्यावसायिक उपयोग हो रहा है, तो संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं, डिस्कॉम रेवदर के एईएन मुकेश जीनगर ने कहा कि यदि सक्षम प्रशासन द्वारा किसी निर्माण को नियमों के विरुद्ध पाया जाता है और कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं, तो विभाग भी नियमानुसार विद्युत कनेक्शन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करेगा।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में करोटी क्षेत्र में रियायती एवं निःशुल्क पट्टों के आवंटन में अनियमितताएं हुई थीं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा नियमों के अनुरूप आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की है।