लखीमपुर खीरी संदेश महल समाचार
जिले के खीरी थाना क्षेत्र में छह माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। मामले में मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय महिला अपने पति, सास और चार वर्षीय बेटी के साथ घर में सो रही थी। सुबह जब परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया तो वह मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला की हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव के पास पहुंचने पर महिला के मुंह से खून और झाग निकलता दिखाई दिया, जिससे उन्हें घटना पर संदेह है।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी तथा फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभी तक परिजनों की ओर से औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।