घनश्याम त्रिपाठी संतकबीरनगर संदेश महल
धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर स्थित नोक्ता गांव के समीप नव निर्मित श्रीशंकर फिलिंग स्टेशन का मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भव्य शुभारंभ किया गया। इंडियन ऑयल कंपनी के इस नए फिलिंग स्टेशन के शुरू होने से इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों, किसानों और स्थानीय लोगों को पेट्रोल एवं डीजल की सुविधा अब आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही फिलिंग स्टेशन प्रबंधन ने जानकारी दी कि आगामी फरवरी माह से यहां सीएनजी गैस की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।
नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नोक्ता में स्थापित इस फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के युवा नेता एवं खलीलाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुबोध यादव ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में संसाधनों, संस्थानों और आधारभूत सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पेट्रोलियम पदार्थों की सहज उपलब्धता से न केवल परिवहन व्यवस्था सुचारु होती है, बल्कि किसानों को भी कृषि कार्यों के लिए समय पर ईंधन उपलब्ध हो पाता है।
उन्होंने कहा कि धनघटा-खलीलाबाद मार्ग जनपद के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है। यह मार्ग संतकबीरनगर को अंबेडकरनगर और आजमगढ़ जनपदों से जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में इस फिलिंग स्टेशन के शुरू होने से वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी और यह ट्रांसपोर्टरों की पहली पसंद बनने की पूरी संभावना है।
सुबोध यादव ने इस फिलिंग स्टेशन की स्थापना में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई देते हुए इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
फिलिंग स्टेशन के प्रोपराइटर राम गुलाम यादव ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाला ईंधन, बेहतर सेवाएं और पूरी पारदर्शिता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री शुरू कर दी गई है तथा फरवरी माह से सीएनजी गैस की सुविधा भी शुरू करने की तैयारी चल रही है।
इससे पूर्व युवा समाजसेवी अरविंद यादव ‘पिंकू’ के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं ने सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नाथनगर के ब्लॉक प्रमुख राम वृक्ष यादव, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, वरिष्ठ नेता इंदल यादव, पूर्व प्रमुख राम आशीष यादव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव, धनघटा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नीलमणि, अंतरराष्ट्रीय शायर एवं सपा जिला उपाध्यक्ष असद महताब, सपा महासचिव विनोद यादव, सपा नेत्री अंकिता बॉबी, पूर्व प्रमुख ऊषा देवी, अभिषेक यादव, अभय यादव, रामकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजय यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उमेश यादव, भुअर यादव, ग्राम प्रधान रामवृक्ष यादव, बबलू यादव सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।