पिसावां (सीतापुर) संदेश महल
विकास खंड पिसावां के ग्राम कर्मलकुइयां में आयोजित स्वर्गीय द्वारिका सिंह क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में पंखियापुर की टीम ने बिचपरिया को 10 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंखियापुर ने निर्धारित 10 ओवर में 60 रन बनाए। टीम की ओर से सौरभ सिंह भदौरिया ने केवल 15 गेंदों में 35 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
61 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिचपरिया की टीम पंखियापुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 50 रन पर सिमट गई। पंखियापुर के प्रदीप सिंह भदौरिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 15 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और अपनी टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्रदीप सिंह भदौरिया को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्रिकेट प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के आगामी मुकाबले भी इसी उत्साह और खेल भावना के साथ आयोजित किए जाएंगे।