सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत सूरतगंज ब्लॉक में आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्र के पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज सेवा को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को इस पखवाड़ा के दौरान आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना चाहिए। यह अभियान केवल संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।
श्री अवस्थी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा कार्यों को औपचारिकता न समझें, बल्कि जन आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण, पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति आशीष सिंह, सूरतगंज मंडल अध्यक्ष सुशील वर्मा, बेलहरा मंडल अध्यक्ष करूणाशंकर शुक्ला, महेश मिश्रा, राजू शुक्ला, ज्ञानू शुक्ला, अरुणेश कुमार, हरीश मिश्रा, सुनील वर्मा, हरिपाल मौर्या, सुरेंद्र वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यशाला के दौरान वक्ताओं ने सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए संगठन की सामाजिक भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की। साथ ही स्थानीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया और आने वाले समय में जनसंपर्क को और मजबूत करने की रूपरेखा तैयार की गई।
यह कार्यशाला न सिर्फ सेवा पखवाड़ा को गति देने का प्रयास साबित हुई, बल्कि समाज के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी को दोहराने का अवसर भी बनी।