रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
कैसरगंज क्षेत्र में भेड़िए के हमलों से दहशत फैल गई है। शुक्रवार देर रात मुलहावा गांव में घर में सो रही चार साल की मासूम बच्ची को भेड़िया उठा ले गया और खेत में उसका शव अधखाया हुआ मिला। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गांव वालों के अनुसार भेड़िए ने बच्ची को घर से बाहर खींचकर खेत की ओर ले जाकर निवाला बना लिया। परिजनों की तलाश के दौरान बच्ची के शव के कुछ टुकड़े खेत से बरामद हुए।
इसी इलाके में गुरुवार को भेड़िए ने गाय को चारा देने गई एक वृद्ध महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। महिला का उपचार कैसरगंज के सीएचसी में चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी इसी इलाके में भेड़िए ने दस लोगों को निशाना बनाया था। इस साल अब तक तीन हमले हो चुके हैं, जिनमें दो बच्चियों की मौत और एक महिला घायल हो चुकी है।
वन विभाग के डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि भेड़िए को पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। घटनाओं से लोग खौफ में हैं और शाम होते ही गांवों में सन्नाटा पसर जाता है।