दुष्कर्म पीड़िता 15 वर्षीय किशोरी ने बच्ची को दिया जन्म, आरोपी पहले से जेल में बंद

बाराबंकी संदेश महल समाचार

जिले के टिकैतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म की शिकार 15 वर्षीय किशोरी ने रविवार को सरकारी अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। मामले में नामजद आरोपी पहले से ही न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। घटना के बाद अब नवजात बच्ची के भविष्य को लेकर पीड़िता के परिजनों के सामने नई चिंता खड़ी हो गई है।
पुलिस के अनुसार, जून 2026 में किशोरी को पेट दर्द की शिकायत हुई थी। परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझकर उपचार कराया, लेकिन जब आराम नहीं मिला तो उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच में पता चला कि किशोरी लगभग छह माह की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही परिजन हैरान रह गए।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। गर्भ काफी विकसित हो जाने के कारण चिकित्सकों ने चिकित्सीय कारणों से गर्भपात करने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने 12 जून 2026 को आरोपी सुरेश के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 16 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में जच्चा और नवजात बच्ची दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।