टहलने के दौरान युवक को सांप ने डसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

पिसावां (सीतापुर), संदेश महल।
पिसावां कस्बा निवासी अनिल सिंह को सोमवार देर शाम सांप ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अनिल सिंह देर शाम नेरी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांप ने उनके पैर में काट लिया। इसके बाद वह तत्काल घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने प्राथमिक सावधानी बरतते हुए सर्पदंश वाले स्थान के ऊपर कपड़ा बांधा और तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विष के प्रभाव की आशंका एवं बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहने वाले अनिल सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की सभी ने भगवान से प्रार्थना की।