बजट स्वीकृत होने के 11 माह बाद भी नहीं शुरू हुआ विद्यालय भवन निर्माण, छात्रों को उठानी पड़ रही परेशानी

सिरोही संदेश महल समाचार

जिले की रेवदर उपखंड क्षेत्र स्थित पादर ग्राम पंचायत मुख्यालय पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य बजट स्वीकृत होने के करीब 11 माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष अगस्त 2025 में विद्यालय भवन निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हुआ था। इसके बाद ठेकेदार ने केवल भवन की नींव की खुदाई कर कार्य बंद कर दिया। तब से अब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है।
इस मुद्दे को संदेश महल ने 6 अप्रैल, 8 अप्रैल और 10 अप्रैल को प्रमुखता से प्रकाशित कर सरकार और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद जिला कलेक्टर ने रेवदर एसडीएम को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने अप्रैल से अब तक दो बार निर्माण स्थल का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
सूत्रों के अनुसार, ठेकेदार ने उच्च अधिकारियों से समन्वय कर कार्य आदेश (वर्क ऑर्डर) की अवधि भी बढ़वा ली। पहले जारी वर्क ऑर्डर के अनुसार कार्य 25 अगस्त 2025 से प्रारंभ होकर 25 अगस्त 2026 तक पूर्ण होना था। बाद में नया वर्क ऑर्डर जारी कर कार्य अवधि 12 अप्रैल 2026 से 11 अप्रैल 2027 तक कर दी गई।
ठेकेदार द्वारा लंबे समय से विद्युत कनेक्शन नहीं होने का हवाला दिया जा रहा था। हालांकि अब विद्युत विभाग ने निर्माण स्थल पर बिजली के पोल खड़े कर लाइन भी खींच दी है तथा शीघ्र ही डीपी स्थापित किए जाने की तैयारी है। ऐसे में बिजली संबंधी बाधा भी लगभग समाप्त हो चुकी है।
इधर बारिश का मौसम शुरू होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वर्तमान में विद्यालय जिस भवन में संचालित हो रहा है, उसके पास ही एक तालाब स्थित है। बरसात में तालाब में पानी भरने से छात्रों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने और ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।