जब उपखंड मुख्यालय की सफाई व्यवस्था ही बदहाल, तो ग्रामीण क्षेत्रों से कैसे करें बेहतर स्वच्छता की उम्मीद?

रेवदर सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
सिरोही जिले के रेवदर उपखंड मुख्यालय में सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और दुकानदारों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। पंचायत समिति परिसर (कॉम्प्लेक्स) में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे वहां आने वाले लोगों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व विकास अधिकारी सावलाराम चौधरी के तबादले के बाद से सफाई व्यवस्था और अधिक प्रभावित हुई है। उनका आरोप है कि पंचायत समिति परिसर में नियमित सफाई नहीं होने से वातावरण अस्वच्छ बना हुआ है।
दुकानदारों ने सवाल उठाया है कि क्या वर्तमान विकास अधिकारी स्वयं कार्यालय से बाहर निकलकर पंचायत समिति परिसर का निरीक्षण करेंगे और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे, या फिर दुकानदारों को इसी तरह समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि यदि उपखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति परिसर की सफाई व्यवस्था ही संतोषजनक नहीं है, तो ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की अपेक्षा करना कठिन प्रतीत होता है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन और दुकानदारों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।