रेवदर सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
संदेश महल में “उपखंड मुख्यालय पर ही सफाई व्यवस्था बदहाल, तो ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था की कैसे करें उम्मीद” शीर्षक से प्रकाशित समाचार का असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन सुबह करीब 10 बजे रेवदर पंचायत के विकास अधिकारी (वीडीओ) रमेश विश्नोई सफाई कर्मचारियों के साथ पंचायत समिति परिसर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को कड़ी हिदायत देते हुए तत्काल प्रभाव से पंचायत समिति परिसर की नियमित एवं व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत समिति परिसर और रेवदर बाजार में नियमित एवं सुचारु सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया।
इस कार्रवाई के बाद पंचायत समिति परिसर के दुकानदारों ने विकास अधिकारी रमेश विश्नोई, रेवदर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) तथा संदेश महल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाचार प्रकाशित होने से प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया, जिससे सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।