बरेली में 100 करोड़ की GST हेराफेरी का खुलासा, फर्जी फर्मों से बोगस इनवॉइस और ITC क्लेम

बरेली संदेश महल समाचार

उत्तर प्रदेश के बरेली में GST-SIT और कैंट पुलिस ने फर्जी फर्मों के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय हेराफेरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फरार फर्म संचालक फरजान हाशमी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड सागर अग्रवाल है।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी आधार और पैन के जरिए कई फर्में तैयार करते थे। इन फर्मों के नाम पर बिना किसी वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के बोगस GST इनवॉइस जारी किए जाते थे। इसके बाद बैंक खातों के जरिए रकम का लेन-देन दिखाकर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई फर्जी फर्मों और इस पूरे नेटवर्क में शामिल आरोपियों की भूमिका सामने आई है। मामले में फरजान हाशमी घटना के बाद नेपाल भाग गया था। वहां वह संदीप नाम से रह रहा था और जंगी ऐप के जरिए अपने साथियों के संपर्क में था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, चार्जर, माउस और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी क्राइम मनीष चंद्र सोनकर ने बताया कि जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन में फर्जी क्लेम और वित्तीय हेराफेरी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी फर्मों की भी जांच कर रही है।