रणथंभौर में गूंजी किलकारी, बाघिन T-125 ‘सिद्धि’ ने दिया शावकों को जन्म

राजस्थान संदेश महल समाचार/दीपावली के अवसर पर राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में खुशखबरी सामने आई है। करीब आठ वर्षीय बाघिन T-125 ‘सिद्धि’ ने शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग के फोटो ट्रैप कैमरे में बाघिन एक नन्हे शावक के साथ दिखाई दी है।
वन विभाग के अनुसार, यह बाघिन सिद्धि का दूसरा लिटर (प्रसव) है। फिलहाल कैमरा ट्रैप में एक शावक की तस्वीर सामने आई है, हालांकि शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है।
बाघिन और उसके शावकों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क है। टीम लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि उन्हें किसी प्रकार का खतरा न हो।
डीएफओ मानस सिंह के अनुसार, बाघिन और उसके शावकों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी की जा रही है।
दीपावली के पर्व पर रणथंभौर से आई इस खबर ने वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों में खुशी की लहर पैदा कर दी है।