गांव की मुख्य सड़क पर जलभराव से ग्रामीण और राहगीर परेशान, एक साल से नहीं हुआ समस्या का समाधान

ठाकुर प्रसाद/संदेश महल
पिसावां (सीतापुर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाजनगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीण करीब एक वर्ष से परेशानी का सामना कर रहे हैं। गांव की मुख्य सड़क पर गंदा पानी भरा रहने से ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, गांव के घरों से निकलने वाला पानी जिस तालाब में जाता था, उस पर कुछ लोगों ने पटान कर अतिक्रमण कर लिया है। इसके चलते तालाब का क्षेत्रफल काफी सिमट गया है और पानी की निकासी बाधित होने से मुख्य सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।इस समस्या को लेकर 18 फरवरी 2026 को बाजनगर निवासी सुधीर सिंह पुत्र रामपाल सिंह ने तहसीलदार महोली को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत पर तहसीलदार ने सुनवाई करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए थे। इसके बाद लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई भी की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।मुख्य सड़क पर गंदा पानी भरा होने के कारण लोगों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क के पास ही विश्राम लाल जूनियर हाईस्कूल स्थित है। ऐसे में स्कूली बच्चों को भी इसी जलभराव वाले रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।इसको लेकर ग्रामीणों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी है। वहीं, ग्राम प्रधान ने बताया कि लेखपाल की मौजूदगी में तालाब की सफाई का कार्य शुरू कराया गया था, लेकिन पूर्व प्रधान द्वारा हस्तक्षेप किए जाने के कारण काम रुकवा दिया गया।अब ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और मुख्य सड़क से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।