झरेखापुर मंडल में राष्ट्रभक्ति के माहौल में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

लखनऊ संदेश महल समाचार

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को विधानसभा हरगांव के झरेखापुर मंडल में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। मंडल अध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह और मंडल महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक अनुज शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
तिरंगा पदयात्रा नौंवा महमूदपुर से गौरिया कलां तक निकाली गई। यात्रा में विधानसभा प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष रितेश सिंह गौर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ यात्रा में सहभागिता की।
इस दौरान रितेश सिंह गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रध्वज के साथ उत्साहपूर्वक सहभागी होना प्रत्येक देशवासी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देश की एकता और अखंडता का संदेश देती है। युवाओं में भी इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में चंद्रभाल, यतेश सिंह, बाबूराम, संतोष सिंह, रामनंदन, रामनरेश, प्रधान संदीप कुमार, प्रधान अमित राजपूत, प्रधान दयाशंकर, अमित तिवारी, अनुराग, कृष्ण बहादुर सहित मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।