गाजियाबाद संदेश महल समाचार
नवजात बच्चों के अपहरण और उनकी तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गाजियाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। टीला मोड़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह नवजात और दुधमुंहे बच्चों को निशाना बनाकर उन्हें निसंतान दंपतियों को मोटी रकम में बेचता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार बिहार, दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं। गिरोह की महिलाएं परिवारों की रेकी कर बच्चों की जानकारी जुटाती थीं। इसके बाद मौका मिलते ही बच्चों को अगवा कर लिया जाता था। बच्चों की तस्वीरें WhatsApp के जरिए संभावित खरीदारों तक भेजी जाती थीं और सौदा तय होने के बाद बच्चों को खरीदारों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पांच बच्चों की तस्करी की बात कबूल की है। पुलिस ने पांचों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
तीन महीने के बच्चे के अपहरण से खुला नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को करन गेट निवासी फरहान के तीन महीने के बच्चे का नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार ने कथित तौर पर अपहरण किया था। बच्चे के गायब होने के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने CCTV फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चे को शामली के कांधला ले जाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद कर लिया और उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल सातों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने पहले कितने बच्चों को बेचा है और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है।