लखनऊ में देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका आम जनता के लिए खुली, INS गोमती बना आकर्षण का केंद्र

लखनऊ संदेश महल समाचार

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में देश की पहली नौसेना शौर्य वाटिका आम जनता के लिए खोल दी गई है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम के गेट नंबर-5 के पास बनाई गई यह शौर्य वाटिका लोगों को भारतीय नौसेना की ताकत, तकनीक और गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने का खास केंद्र बन गई है।
इस शौर्य वाटिका की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां केवल तस्वीरें या मॉडल ही नहीं, बल्कि भारतीय नौसेना के वास्तविक और सेवामुक्त सैन्य उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें सबसे प्रमुख आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती है।
बताया गया है कि 30 मई 2026 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौसेना शौर्य वाटिका का उद्घाटन किया था। करीब 34 वर्षों तक देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला INS गोमती 28 मई 2022 को नौसेना की सेवा से सेवानिवृत्त हुआ था। अब इसे भारतीय समुद्री शक्ति और नौसैनिक गौरव के प्रतीक के रूप में यहां स्थापित किया गया है।
वाटिका में नौसेना से जुड़े कई महत्वपूर्ण युद्धक सिस्टम और उपकरण भी प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें जहाज का लंगर, AK-726 मध्यम श्रेणी की तोप, CET-53M टॉरपीडो लॉन्चर सिस्टम, RJ के साथ ZIF-101 लॉन्चर, कैप्स्टन ड्रम, मुख्य मस्तूल और जहाज का प्रोपेलर प्रमुख हैं।
शुरुआती दो सप्ताह तक शौर्य वाटिका में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इसके बाद 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 25 रुपये और 12 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट निर्धारित किया गया है। संग्रहालय सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।
नौसेना शौर्य वाटिका के जरिए खासतौर पर युवाओं और छात्रों को भारतीय नौसेना के साहस, सामर्थ्य और आधुनिक तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। समुद्र से सैकड़ों किलोमीटर दूर लखनऊ में INS गोमती और नौसेना के युद्धक उपकरणों का यह प्रदर्शन लोगों के लिए भारतीय नौसेना के गौरव को करीब से महसूस करने का अनूठा अनुभव साबित हो सकता है।