तालाब पर मछली पकड़ने को लेकर बवाल पुलिस ने रोका, तहसील प्रशासन कर रहा जांच

कौशल
मिश्रिख सीतापुर संदेश महल
ग्राम पंचायत विजान ग्रेंट बकैना, पोस्ट किशुनपुर में शनिवार को तालाब पर मछली पकड़ने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। मालिक की तहरीर पर पहुंची पुलिस ने कटिया डालकर मछली पकड़ रहे लोगों को रोका। इसके बाद मामला तहसील तक जा पहुंचा।

जानकारी के मुताबिक मालिक पुत्र सकरू की ओर से प्रार्थना पत्र दिए जाने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने वहां मौजूद सुशील सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह, श्रवण पुत्र घनश्याम, विकास सिंह पुत्र पप्पू सिंह, बब्बू पुत्र रामअवतार समेत अन्य ग्रामीणों को मछली पकड़ने से रोका।

ग्रामीण इसके बाद तहसील मिश्रिख पहुंचे और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। इस पर तहसीलदार के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल सूरज व राजेश तथा ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की।

ग्रामीणों का कहना था कि तालाब का आवंटन पहले मालिक को हुआ था लेकिन बाद में निरस्त कर दिया गया। जबकि मालिक का कहना है कि उन्होंने तालाब का आवंटन दोबारा कराया है और उसकी रसीद उनके पास है। साथ ही उन्हें आवंटन निरस्त होने की कोई सूचना नहीं दी गई।

लेखपाल ने ग्रामीणों से कहा कि पूरे मामले की जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी और जब तक स्थिति स्पष्ट न हो जाए, तब तक तालाब में किसी को मछली पकड़ने की अनुमति नहीं होगी।