सूर्य प्रकाश मिश्रा/संदेश महल सीतापुर। जिले के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर सड़क हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर थाने लौट रहे सिपाही ऋषि कुमार (32) की बाइक अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सिपाही ऋषि कुमार ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से थाने लौट रहे थे। इसी दौरान कोटरा पुल के पास अचानक एक कुत्ता उनकी बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 52 किलोमीटर दूर बताया गया है।
इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। ड्यूटी से लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।