प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने 15 वर्षीय बेटी की गोली मारकर की हत्या, शव जलाने का भी आरोप

सैफई अस्पताल ले जाने के बहाने रास्ते से लौटा पिता, गांव में बीमारी से मौत होने की फैलाई सूचना


हिमांशु यादव  मैनपुरी संदेश महल समाचार
मैनपुरी। जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम नादऊ में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी ही 15 वर्षीय बेटी पलक की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने का भी आरोप है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम नादऊ निवासी भुवनेश उर्फ शीतू की बेटी पलक गांव के ही एक युवक से बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर पिता उससे नाराज रहता था। आरोप है कि 17 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे पिता ने बेटी को गोली मार दी। वारदात के बाद उसने ग्रामीणों को गुमराह करते हुए बताया कि पलक टांड से गिरकर घायल हो गई है।इसके बाद आरोपी बेटी को गाड़ी में लेकर सैफई अस्पताल जाने के लिए निकला। बताया जाता है कि करहल से आगे पहुंचने पर उसने एक व्यक्ति को फोन कर पूछा कि गोली लगने की स्थिति में सैफई अस्पताल में भर्ती कराने में कोई परेशानी तो नहीं होगी। फोन पर उसे बताया गया कि अस्पताल में भर्ती कराने में दिक्कत नहीं होगी, लेकिन पुलिस को सूचना देना अनिवार्य होगा।