लखनऊ संदेश महल समाचार
शनिवार को जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने संविधान सम्मान हुंकार यात्रा की शुरुआत की घोषणा करते हुए कहा कि यह यात्रा 15 सितंबर से प्रारंभ होकर 21 सितंबर को आज़मगढ़ में सम्पन्न होगी। इस यात्रा का उद्देश्य अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौर्य ने बताया कि यह यात्रा इससे पहले भी 15 मार्च 2025 को प्रारंभ की गई थी, जिसे अब एक बार फिर पूरे प्रदेश में निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान ने सभी वर्गों को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन इन अधिकारों की जानकारी और संरक्षण के लिए लोगों का जागरूक होना बेहद जरूरी है।
मौर्य ने आम जनता से अपील की कि वे इस यात्रा में भाग लेकर न केवल अपने अधिकारों को समझें बल्कि कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहें। उन्होंने इसे सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।