सीतापुर संदेश महल
पितृपक्ष के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की ओर से रविवार को ताड़कनाथ मंदिर प्रांगण में सामूहिक तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न जातियों के लोग एक साथ एकत्र होकर अपने पुरखों को तर्पण अर्पित किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हुआ।
आयोजन में कुल 58 परिवार शामिल हुए और सामूहिक रूप से अपने पूर्वजों को जल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देना है।
विभाग मंत्री उत्तम सिंह ने कहा कि तर्पण केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। वहीं प्रांत समरसता प्रमुख धर्मेंद्र ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने का काम करते हैं।
कार्यक्रम में कार्याध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला संगठन मंत्री अरविंद, जिला मंत्री आशीष मिश्रा, नगर अध्यक्ष शैलेंद्र मिश्रा, नगर उपाध्यक्ष श्याम बाबा, ध्रुव, ओंकार दीक्षित, नवम, मानसा, अरविंद, नरेश मौर्य, सुरेंद्र और मलिखे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी ने संकल्प लिया कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाया जाएगा और समाज में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।