जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुँचे : उप मुख्यमंत्री

चित्रकूट संदेश महल समाचार
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चित्रकूट आकांक्षी जनपद है, इसलिए यहां चल रही योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति से वंचित नहीं रहना चाहिए।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण काम पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), रुर्बन मिशन, सांसद निधि, विधायक निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों।

किसानों और पेयजल पर विशेष ध्यान

श्री मौर्य ने कहा कि किसानों को खाद की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। हर घर नल-जल योजना के अंतर्गत शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और तेज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लाभार्थियों के साथ भेदभाव हुआ या योजनाओं में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही होगी।

धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चित्रकूट को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भगवान कामतानाथ जी की तीर्थ नगरी को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए योजनाएं गति दी जा रही हैं।

बैठक में रहे अधिकारी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) उमेश चन्द्र निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी सत्यराम यादव, डीसी एनआरएलएम ओमप्रकाश मिश्र, डीसी मनरेगा डीएन पांडेय, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. वैभव त्रिपाठी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रियंका यादव व अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग) अखिलेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।