स्टार्टअप कॉन्क्लेव का समापन योगी बोले यूपी बना फियरलेस बिजनेस का नया केंद्र

लखनऊ संदेश महल समाचार
राजधानी लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय सीएसआईआर स्टार्टअप कॉन्क्लेव 2025 सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि बीते साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुरक्षा और निवेश का उत्कृष्ट वातावरण तैयार किया है। प्रदेश अब ‘फियरलेस बिजनेस’ का नया केंद्र बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की पहचान केवल Ease of Doing Business ही नहीं बल्कि Trust of Doing Business भी बन गई है। उन्होंने कहा, हर शोध उत्पाद बने, हर उत्पाद उद्योग बने और हर उद्योग भारत की शक्ति बने यही विकसित भारत और विकसित यूपी का मंत्र है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 17 हजार से अधिक स्टार्टअप सक्रिय हैं, जिनमें 8 यूनिकॉर्न शामिल हैं। अब तक 72 इनक्यूबेटर और 7 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित हो चुके हैं। सरकार ने स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने के लिए 137 करोड़ रुपये की सहायता दी है। हेल्थकेयर, एग्री, बायोटेक और एन्वायरनमेंट जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि परंपरागत उद्योगों और एमएसएमई को तकनीक, डिजाइन और मार्केट से जोड़ने से आज प्रदेश से दो लाख करोड़ रुपये का वार्षिक निर्यात हो रहा है। 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में दो करोड़ लोग कार्यरत हैं और 75 जिलों के 77 उत्पादों को जीआई टैग मिला है।

सीएम योगी ने चारों केंद्रीय प्रयोगशालाओं—एनबीआरआई, सीडीआरआई, आईआईटीआर और सीमैप—की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इनके शोध से किसानों, फार्मा उद्योग और पर्यटन को नई दिशा मिली है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि लखनऊ स्टार्टअप हब बनने की ओर अग्रसर है। यहां जल्द ही नया बायोटेक पार्क और साइंस म्यूजियम स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह दक्षिण भारत के शहर स्टार्टअप्स के बड़े केंद्र बने, वैसा ही पोटेंशियल लखनऊ में भी है।

कॉन्क्लेव में कई एमओयू पर हस्ताक्षर हुए और स्टार्टअप्स ने अपने उत्पाद लॉन्च किए। कार्यक्रम में वैज्ञानिकों, उद्योग जगत के सीईओ, शिक्षाविदों और प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।