सेवा पर्व के अवसर पर मैनपुरी में 15 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारम्भ

दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल
कलेक्ट्रेट स्थित तिकोनियां पार्क में शनिवार को सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित 15 दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने किया।

योजनाओं की झलक आमजन तक पहुँचे

शिवहरे ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदेश में संचालित विकास कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर नागरिक तक पहुँचेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया है।

प्रदर्शनी में विकास की तस्वीर

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी आमजन को योजनाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, एक जनपद-एक उत्पाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, अनुच्छेद 370, डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, जल सुरक्षा, ऊर्जा रूपांतरण जैसे विषयों पर उपलब्धियां प्रदर्शित की गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखें और उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित प्रदेश बनाने हेतु अपने सुझाव पोर्टल पर दर्ज करें।

‘‘हर गांव बने विकसित गांव’’

भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि हर नागरिक अपने सुझाव देकर प्रदेश के विकास यात्रा में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि ‘‘हर गांव विकसित गांव, हर तहसील विकसित तहसील’’ का संकल्प लेकर ही उत्तर प्रदेश को 2047 तक समग्र-विकसित बनाया जा सकता है।

‘‘प्रदेश बना भारत का ग्रोथ इंजन’’

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने कहा कि प्रदर्शनी से प्रदेश की पहचान केवल देश में ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में हो रही है। सबका साथ-सबका विकास की नीति से योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुँचाया गया है।

गणमान्य और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भूपेन्द्र यादव, अमित गुप्ता, प्रदीप तिवारी, शिखर मोहन, डॉ. विमल पाण्डेय, प्रबल, पंकज गुप्ता, गोल्डी चौहान, अभय भदौरिया, गौरव राजपूत, अर्जुन दुबे, गौरव यादव, तेजस्व चौहान समेत जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, अनिल सक्सैना, आईजीआरएस प्रभारी अनुज कुमार, ताजीम नवी, धीरज कुमार, योगेन्द्र कुमार, सहायक लेखाकार रवि यादव, सुखवीर सिंह यादव, प्रमोद कुमार, अंकित जैन आदि उपस्थित रहे।