दीपू सिंह
मैनपुरी, संदेश महल समाचार
जनपद मैनपुरी की बिछवां पुलिस और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मैनपुरी-कुरावली रोड स्थित माही फैमिली ढाबा के पास से 35 किलो अवैध गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस हिरासत में पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित उपाध्याय उर्फ मोनू (32), टीकम सिंह उर्फ भोला नागर (26), विनोद (55) और कन्हैया उर्फ कृष्णा (40) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर आसपास के जिलों में फुटकर स्तर पर बेचते थे। इससे उन्हें मोटा मुनाफा होता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ट्रक (UP 84 T 4737), रेकी के लिए इस्तेमाल की जा रही टियागो कार (UP 81 DA 4730) और पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व सर्विलांस प्रभारी गगन कुमार गौड और थाना प्रभारी आशीष दुबे ने किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।