बाराबंकी संदेश महल
मसौली क्षेत्र की एक शिक्षिका की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ ही शिक्षिका का शव भी नहर से बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मसौली क्षेत्र के एक गांव की 45 वर्षीय शिक्षिका 19 सितंबर को विजय नगर में एक डाक्टर के पास दवा लेने आई थीं। शाम को लौटते समय बिंदौरा चौराहे पर साधन न मिलने पर उन्होंने परिचित युवक राजू वर्मा की बाइक पर गांव जाने का निर्णय लिया। रास्ते में राजू ने साथी बिपेंद्र उर्फ पुष्पेंद्र रावत को बुलाया और दोनों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म कर शिक्षिका की हत्या कर दी। गला दबाने और सिर पर लकड़ी से वार करने के बाद शव को पास की शारदा सहायक डबल नहर में फेंक दिया।
उधर, शिक्षिका घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने तलाश शुरू की और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागों के आधार पर राजू व बिपेंद्र को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया और उनकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया।
सीओ गरिमा पंत और एसएचओ अमित सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।