रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान भेड़िये के हमले से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों को प्रत्येक 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, जबकि घायल लोगों के लिए 50 हजार रुपये देने और हर प्रकार की मदद का आश्वासन दिया।
सीएम ने पीड़ितों से बातचीत के दौरान उनके दुःख और पीड़ा को महसूस किया और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा, “डबल इंजन सरकार हर सुख-दुख में हमेशा लोगों के साथ खड़ी है।” साथ ही उन्होंने घायलों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाने की सलाह दी।
घटना को देखते हुए सीएम योगी ने वन विभाग की टीम को भेड़िया और अन्य वन जीवों को जल्द पकड़ने का निर्देश भी दिया।
जनसभा में लोगों को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री बहराइच से श्रावस्ती के लिए रवाना हो गए। प्रशासन और वन विभाग ने भी सीएम के निर्देशों के अनुरूप प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य को तेजी से शुरू कर दिया है।