एसपी की कुर्सी पर बैठी छात्रा, जनसुनवाई कर दिलाया न्याय का भरोसा

घनश्याम त्रिपाठी
संतकबीरनगर संदेश महल समाचार
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत सोमवार को जिले की 12वीं की छात्रा श्रेया चौधरी पुत्री हृदयराम ने एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक का दायित्व संभाला। हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज की छात्रा श्रेया को एसपी की कुर्सी पर बैठाया गया, जहाँ उन्होंने आमजन की फरियादें सुनीं और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

छात्रा एसपी ने जनसुनवाई के दौरान आए प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को जांच व समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। इसके बाद उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन नंबरों (1090, 1930, 112, 181, 1076 आदि), चाइल्डलाइन-1098, एम्बुलेंस सेवा-108 तथा स्वास्थ्य सेवा-102 की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा कर उन्हें जागरूक किया।

श्रेया ने कहा कि महिलाएं और छात्राएं निडर होकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हरदम तत्पर है।

अभियान का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास जगाना और समाज में समान भागीदारी के लिए उन्हें प्रेरित करना है। ऐसे आयोजन छात्राओं को अपने सपनों को पंख देने के साथ ही सशक्त नारी शक्ति के रूप में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देते हैं।