दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल समाचार
उत्तर प्रदेश सरकार के गौ-रक्षक दल की सक्रियता पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। जनपद मैनपुरी में जीटी रोड नानामऊ स्थित खाटू श्याम धाम के सामने अवैध कट्टू जानवरों से भरी पिकअप पलट गई। इस हादसे में लगभग 11 जानवरों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिकअप में तीन दर्जन से अधिक जानवर ठूंसकर ले जाए जा रहे थे। ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के कारण पिकअप का टायर फट गया और बड़ा हादसा हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि माफिया बर्फ डालकर जानवरों को छिपाकर ले जा रहे थे।
हादसे के बाद कट्टू माफियाओं ने आनन-फानन में दूसरी गाड़ी बुलाकर जीवित जानवरों को उसमें शिफ्ट कराया और मौके से फरार हो गए।
गौरतलब है कि भोगांव और बिछवां क्षेत्र की पुलिस चौकियों से होकर आए दिन ऐसे वाहन गुजरते हैं, लेकिन किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब यह पिकअप पुलिस की आँखों के सामने से निकली तो उसे रोका क्यों नहीं गया?
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और मृत जानवरों का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, एसपी मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा ने मामले का संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए हैं।
यह हादसा प्रशासन की लापरवाही और अवैध पशु कटान माफियाओं की बढ़ती हिम्मत का बड़ा प्रमाण है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस और प्रशासनिक अमला इस प्रकरण में किस स्तर तक कार्रवाई करता है।