सिरोही/भटाना संदेश महल समाचार।भीषण गर्मी के बीच मूक पशुओं और पक्षियों के लिए राहत पहुंचाने के उद्देश्य से आदेश संस्था भटाना द्वारा एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। संस्था ने भटाना, मकावल, पादर सहित आसपास के गांवों में तालाबों में पानी डलवाकर पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने का पुनीत कार्य प्रारंभ किया है।
इस अभियान का शुभारंभ संस्था के संस्थापक संजय ओघड़ के हाथों किया गया। संस्था के सदस्य भरत कुमार, पोपतलाल सेन ने बताया कि भेरूगढ़, मकावल, बूटडी, सेबरा खेड़ा, पादर, गोरेली सहित आसपास के कई गांवों के छोटे-बड़े तालाबों में दो दिनों तक करीब 30 से 40 पानी के टैंकर डलवाए गए हैं, ताकि गर्मी से परेशान जीव-जंतुओं और पशुओं को राहत मिल सके।
संस्था ने बताया कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा लगभग 200 से 300 टैंकर तक पानी की व्यवस्था करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर ठंडे पानी के कैंपर और प्याऊ भी लगाए जाएंगे। इन प्याऊओं में प्रतिदिन सुबह-शाम संस्था के सदस्य पानी भरने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
पक्षियों के लिए भी परिंदे और कुंडों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
इस पुनीत कार्य में संस्था के सदस्य मुकेश बाबल, विराराम चौधरी, प्रवीण सेन, बाबूलाल सेन सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सेवा कार्य में सहयोग किया।