संतकबीरनगर को 5.67 अरब की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम योगी

रमेश चंद्र/संतकबीरनगर संदेश महल समाचार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संतकबीरनगर के दौरे पर पहुंचेंगे। वह कांशीराम स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जिले के लिए करीब 5.67 अरब रुपये की लागत वाली 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों ने कांशीराम स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री के दौरे को जिले के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संतकबीरनगर में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। 119 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से जिले के विकास को और रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया है।