हिस्ट्रीशीटरों की पाठशाला में पुलिस ने दी सख्त चेतावनी, 60 अपराधियों की हुई हाजिरी

पिसावा सीतापुर संदेश महल समाचार

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पिसावां थाना परिसर में सोमवार दोपहर हिस्ट्रीशीटरों की विशेष पाठशाला आयोजित की गई। इस दौरान थाना क्षेत्र के चिन्हित 60 हिस्ट्रीशीटरों को थाने में तलब कर उनकी उपस्थिति दर्ज कराई गई और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित पाठशाला में प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर से उसके वर्तमान रोजगार, आजीविका, निवास स्थान तथा दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष ने सभी हिस्ट्रीशीटरों से शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई हिस्ट्रीशीटर रोजगार अथवा अन्य कारणों से थाना क्षेत्र से बाहर जाता है तो इसकी सूचना संबंधित बीट पुलिसकर्मी को अवश्य दे। साथ ही थाने में दर्ज अपना मोबाइल नंबर हमेशा चालू रखने के लिए भी कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस तत्काल संपर्क कर सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उनका कहना था कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
पाठशाला के दौरान हिस्ट्रीशीटरों को कानून का पालन करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी विवाद से दूर रहने की नसीहत दी गई। थानाध्यक्ष ने दोहराया कि पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक गतिविधि मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर थाना पिसावां के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।