पिसावां सीतापुर संदेश महल
सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के अंतापुर गांव में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर कार्य के दौरान एक निजी कर्मचारी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगते ही वह बिजली के पोल से नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सकरन क्षेत्र के खजूरा गांव निवासी रिंकू एक निजी बिजली ठेकेदार के अधीन कार्य करता है। शुक्रवार को अंतापुर गांव में बिजली लाइन के नीचे जाली लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान रिंकू बिजली के पोल पर चढ़कर काम कर रहा था कि अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पोल से नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अवर अभियंता बब्लू यादव ने बताया कि विभाग को लाइन पर कार्य किए जाने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। संबंधित कार्य के लिए न तो शटडाउन लिया गया था और न ही बिजली विभाग से अनुमति ली गई थी। बिना शटडाउन के लाइन पर कार्य किया जा रहा था।थाना प्रभारी पिसावां ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।