सीतापुर में होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

सीतापुर संदेश महल समाचार
शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक होटल के कमरे में 47 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान हरदोई जिले के आवास विकास क्षेत्र निवासी अनुपमा पांडेय (47) पत्नी अमित पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने दो दिन पहले शहर के बस स्टैंड स्थित राजस्थानी होटल में कमरा नंबर 201 बुक कराया था। इसके बाद लगातार दो दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में कमरा खुलवाया गया तो महिला का शव बेड पर पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका के पति अमित पांडेय ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से अनबन चल रही थी। अनुपमा अपनी बेटी के साथ लखनऊ में रह रही थीं, जबकि उनका मायका लखीमपुर खीरी जिले में मनसा देवी मंदिर के पास स्थित बताया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि महिला की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
एएसपी आलोक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।