संजय सेतु मरम्मत कार्य के चलते दो माह के लिए बंद यातायात व्यवस्था बदली

बाराबंकी संदेश महल समाचार
घाघरा नदी पर स्थित संजय सेतु को मरम्मत कार्य के चलते आज से आगामी दो माह के लिए पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। पुल बंद होने से क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है और कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
मरम्मत अवधि के दौरान प्रशासन द्वारा छोटे वाहनों, एंबुलेंस सेवाओं एवं अन्य आकस्मिक सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पीपे का पुल तैयार किया गया है, जिस पर आज से आवागमन शुरू कर दिया गया है। वहीं, भारी वाहनों के लिए अलग-अलग मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
पुल बंद होने से गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती तथा नेपाल की ओर जाने वाले वाहनों को अब लंबा मार्ग अपनाना पड़ेगा। विशेष रूप से बलरामपुर से लखनऊ की ओर यात्रा करने वाले वाहनों को लगभग 70 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ेगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग बनाए रखें, जिससे मरम्मत कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।