साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को मिली राहत, पुलिस ने लौटाए 57 हजार रुपये

संतकबीरनगर संदेश महल

साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को धनघटा थाना साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली। पुलिस ने प्रभावी पैरवी करते हुए पीड़ित के खाते में ठगी गई 57 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए धनघटा थाना साइबर सेल लगातार कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना धनघटा क्षेत्र के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठग ने झांसा देकर उसके खाते से 57 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में पूरी धनराशि वापस करा दी गई।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, अपराध निरीक्षक एवं प्रभारी साइबर सेल रामेश्वर यादव, कांस्टेबल इन्द्रजीत प्रजापति, आरक्षी मोहित कुमार पाण्डेय तथा अंकुश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।