हीराराम सैन सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
जिले के भटाना क्षेत्र के निकट पादर ग्राम पंचायत के ढिबड़ी गांव में एक घायल भालू को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पिछले दो दिनों से लगातार प्रयास कर रही है। भालू के हमले से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात करीब 2 बजे भालू धुड़ाराम पुत्र अजबाराम के घर स्थित बकरियों के बाड़े में घुस आया और हमला कर दिया। इस हमले में तीन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बकरियां घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि धिराराम ने वन विभाग और पुलिस को अवगत कराया। वनपाल देवीलाल माली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं भटाना चौकी प्रभारी फगलूराम विश्नोई भी घटनास्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 3 बजे भालू को गांव से बाहर खदेड़ा गया।
इसके बावजूद भालू आसपास की पहाड़ियों में घूमता नजर आ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय बना हुआ है। शुक्रवार को पशु चिकित्सक डॉ. सुनील जानी मौके पर पहुंचे और घायल बकरियों का उपचार किया तथा मृत बकरियों का पोस्टमार्टम किया।
वन विभाग के पादर नाका और सिरोड़ी रेंज का स्टाफ लगातार भालू को पकड़ने की कोशिश में जुटा हुआ है। रेंज अधिकारी ललित सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि भालू को जल्द पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि गांव में फैली दहशत खत्म हो सके।