संदिग्ध परिस्थितियों में घर में घुसकर युवक से मारपीट, जेवर और नकदी ले जाने का आरोप

मिश्रिख सीतापुर संदेश महल समाचार 

मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चंद्रूपुर में गुरुवार देर रात एक युवक के साथ घर के भीतर मारपीट किए जाने तथा जेवरात और नकदी ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला चंद्रूपुर निवासी रामबक्स पुत्र द्वारिका किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और पुत्र राहुल मौजूद थे। राहुल का आरोप है कि रात करीब तीन बजे वह बाथरूम जाने के लिए उठा था। इसी दौरान घर में पहले से मौजूद तीन अज्ञात लोगों ने उसे पकड़ लिया और जबरन एक कमरे में ले गए।
पीड़ित युवक के मुताबिक आरोपितों ने उससे घर में रखे जेवरात और नकदी के बारे में जानकारी मांगी। पहले उसने बक्से में रखा कुछ सामान उन्हें दे दिया, लेकिन आरोपित और अधिक सामान की मांग करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। भय के कारण उसने घर में रखे अन्य जेवरात और नकदी भी उन्हें सौंप दी।
राहुल ने आरोप लगाया कि बदमाश चार सोने के कंगन, एक हार, झाला, मांगबेंदी, चांदी की पायल समेत करीब दो से चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बताया गया कि आरोपित घर की छत के रास्ते निकल गए। घटना के बाद राहुल ने अपनी मां को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों को मामले की जानकारी हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और पीड़ित पक्ष से पूछताछ की। परिवार ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।