सीतापुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार रात विकास खंड खैराबाद के ग्राम टेड़वा चिलौला में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनसुनवाई और जनसंवाद जैसे कार्यक्रम प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, कृषि, राशन वितरण, पेंशन तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े प्रकरण रखे। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
प्रभारी मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री राकेश राठौर गुरु, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
चौपाल में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।