कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों ने जीता दर्शकों का दिल

दूर-दराज से पहुंचे नामी पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच, विजेता और उपविजेता पहलवानों को किया गया सम्मानित


पिसावां सीतापुर संदेश महल। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालय, गोपामऊ रोड पिसावां में विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दूर-दराज के क्षेत्रों और आसपास के जनपदों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दमखम और कुश्ती के शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन किया।


युवा समाजसेवी एवं आयोजक रिहान गाजी के नेतृत्व में आयोजित इस दंगल को देखने के लिए सुबह से ही खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटने लगी। अखाड़े में पहलवानों के बीच एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले हुए। कई कुश्तियों में दोनों पहलवानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आयोजक रिहान गाजी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल विरासत है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अनूप कुमार गुप्ता तथा सपा सांसद प्रतिनिधि मोनू दीक्षित मौजूद रहे। इसके अलावा युवजन सभा के प्रदेश सचिव पवन यादव सहित अन्य राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की।
दंगल में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आयोजक ने आभार व्यक्त किया।