यूपी में 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के डीएम बदले प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल

सूर्य प्रकाश मिश्रा/सीतापुर संदेश महल समाचार

बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज को मिले नए जिलाधिकारी

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। शासन ने लंबे समय से एक ही पद पर तैनात अधिकारियों को हटाने के साथ कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है।


शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, बिजनौर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह, मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और सीतापुर के जिलाधिकारी राजा गणपति आर को जिले की जिम्मेदारी से हटाकर शासन में तैनाती दी गई है।
इनकी जगह बिजनौर में जोगिंदर सिंह, मुजफ्फरनगर में सुनील सिंह और सीतापुर में प्रथमेश कुमार को जिलाधिकारी बनाया गया है। राजा गणपति आर को सूडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव और उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को महराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि महराजगंज के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर भेजा गया है। दोनों अधिकारियों को नए जिलों की कमान सौंपी गई है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा फेरबदल
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर यह फेरबदल किया गया है। एक ही पद पर तीन साल से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया के तहत भी इन तबादलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
38 आईएएस अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल से प्रदेश के प्रशासनिक महकमे में नई जिम्मेदारियों और बदलावों का दौर शुरू हो गया है।