लहरपुर के सिमना अस्पताल को दस्तावेजों के अभाव में किया गया सीज

सीतापुर संदेश महल समाचार
लहरपुर क्षेत्र में स्थित सिमना अस्पताल को सोमवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत सीज कर दिया गया। यह कदम अस्पताल के पास पंजीकरण समेत आवश्यक दस्तावेज न होने और चिकित्सकीय स्टाफ की अनुपस्थिति के कारण उठाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश त्रिपाठी और नायब तहसीलदार अशोक यादव की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में पंजीकरण प्रमाण पत्र, डॉक्टरों की नियुक्ति से संबंधित अभिलेख और अन्य आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। साथ ही, उस समय अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था।

टीम ने अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी कर 12 सितंबर तक सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जांच में भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।
यह कार्रवाई 27 अगस्त की एक गंभीर घटना के बाद की गई, जब दर्जीन पुरवा निवासी 55 वर्षीय समी को उनके परिजन सिमना अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि रात के समय अस्पताल प्रबंधन ने आर्थिक असमर्थता का हवाला देकर मरीज को बाहर निकाल दिया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से समी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
यह मामला 29 अगस्त को मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान में लिया। नोडल अधिकारी डॉ. मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक जांच में अस्पताल के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद इसे सील कर दिया गया।